#वाराणसी:डीपीएस में इंटर-डीपीएस जोनल क्विज: जूनियर में कल्याणपुर तो सीनियर में नोएडा बना चैंपियन.

डॉ उदयशंकर भगत

वाराणसी(उत्तर प्रदेश)। रोहनिया स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल डीपीएस में इंटर-डीपीएस क्विज जोन-3 प्रतियोगिता का भव्य आयोजन हुआ। इसमें विभिन्न शहरों के 18 डीपीएस विद्यालयों के जूनियर व सीनियर वर्ग के 72 प्रतिभागियों ने ज्ञान का जौहर दिखाया। कार्यक्रम की शुरुआत शंखनाद व दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।

प्रधानाचार्या मुनमुन सेन गुप्ता ने कहा कि क्विज केवल उत्तर देने की प्रतियोगिता नहीं, बल्कि सोचने-समझने और निरंतर सीखने की प्रक्रिया है। मुंबई से आए क्विज मास्टर आदित्य नाथ के संचालन में लिखित चयन राउंड के बाद शीर्ष 6-6 टीमों ने फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल के एमसीक्यू, वन-वर्ड और बजर राउंड में कड़ा मुकाबला देखने को मिला।

प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में डीपीएस कल्याणपुर कानपुर विजेता, डीपीएस नोएडा प्रथम उपविजेता व डीपीएस आजाद नगर द्वितीय उपविजेता रहा। वहीं सीनियर वर्ग में डीपीएस नोएडा ने खिताबी जीत दर्ज की, जबकि डीपीएस प्रयागराज प्रथम व डीपीएस इंदिरानगर लखनऊ द्वितीय उपविजेता बने। भरतनाट्यम की मनमोहक प्रस्तुति और राष्ट्रगीत वंदे मातरम के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ